10 अगस्त की वो बारिश: राजस्थान के सुनसान रास्ते के ढाबे की सच्ची हॉरर स्टोरी

10 अगस्त की मूसलाधार बारिश में रोहन राजस्थान के एक सुनसान ढाबे पर पहुंचा। वहां मिले बूढ़े आदमी और 1998 के रहस्य की यह सच्ची हॉरर स्टोरी आपको डरा देगी।


“रोहन को उस रात सिर्फ एक गलती नहीं करनी चाहिए थी—उसे उस गली में मुड़ना नहीं चाहिए था। क्योंकि 10 अगस्त की उस बारिश में जिस ढाबे पर उसने खाना खाया था, वहां से 1998 के बाद से कोई जिंदा इंसान वापस नहीं आ सका है… क्या रोहन जिंदा वापिस आ पाएगा? पढ़िए ये राजस्थान के एक पुराने ढाबे की सच्ची हॉरर स्टोरी..”


10 अगस्त की वो बारिश: राजस्थान के सुनसान रास्ते के ढाबे की सच्ची हॉरर स्टोरी 👇

आज फिर वही तारीख, वही बारिश

10 अगस्त 2015 की बात है। रोहन, एक साधारण सा सत्ताईस साल का लड़का, जिसके मम्मी-पापा बहुत पहले ही एक हादसे में गुजर चुके थे। इस दुनिया में अब उसका कोई अपना नहीं बचा था, सिवाय राजस्थान के उस छोटे से गांव के, जहां उसका पुराना घर आज भी खड़ा था।

रोहन दिल्ली की एक छोटी सी कंपनी में पैंतीस हजार की तनख्वाह पर काम करता था। वहीं किराए पर रहता था, और कभी-कभार छुट्टियां लेकर अपने गांव आ जाता, पुराने घर की देखभाल करने, थोड़ी सफाई करने, और अपने मां-बाप की यादों के बीच कुछ दिन गुजारने।

आज उसकी छुट्टियां खत्म हो चुकी थीं। आज सुबह चार बजे से ही मूसलाधार बारिश हो रही थी, बारिश इतनी तेज हो रही थी कि दिन में भी अंधेरा सा छाया हुआ था। रोहन तैयार होकर अपनी पुरानी कार से दिल्ली के लिए निकल पड़ा।

बाहर बारिश का शोर, अंदर गाड़ी में हल्के और पुराने किशोर कुमार के गाने बज रहे थे। रोहन को इस मौसम में सफर करना अच्छा लगता था, बारिश की बूंदें विंडशील्ड पर टकराती, वाइपर तेज गति से चलते, और कभी-कभी बिजली की कड़क आसमान को चीर देती।

गांव से शहर तक जाने वाला ये रास्ता बहुत व्यस्त नहीं था। इक्का-दुक्का गाड़ियां ही चलती थीं, वो भी कभी-कभार। घंटों में शायद एक-दो वाहन दिख जाते।

जब भूख ने उसे उस गली की तरफ मोड़ दिया

करीब दो घंटे गाड़ी चलाने के बाद रोहन को भूख लगने लगी। उसने सोचा कि कोई ढाबा दिख जाए तो रुककर कुछ खा ले। लेकिन इस सुनसान रास्ते पर दूर-दूर तक कुछ नजर नहीं आ रहा था। बस बारिश, धुंध, और खाली सड़क।

तभी उसकी नजर एक छोटी सी गली पर पड़ी, जो मुख्य सड़क से सटकर अंदर की तरफ जा रही थी। गली के मुहाने पर एक पुराना, टूटा-फूटा बोर्ड लगा था, जिस पर मुश्किल से पढ़ा जा सकता था – “मुरारी ढाबा”

रोहन को अजीब लगा कि इतने सुनसान इलाके में ये ढाबा कैसे चल रहा होगा, लेकिन भूख के वजह से उसने ज्यादा नहीं सोचा। उसने गाड़ी उस गली की तरफ मोड़ दी।

गली बहुत पतली थी, मुश्किल से एक गाड़ी निकल सके इतनी चौड़ी। दोनों तरफ घने पेड़ थे, जिनकी शाखाएं बारिश के बोझ से झुकी हुई थीं। कुछ दूर अंदर जाने पर रास्ता कच्चा हो गया, गाड़ी के टायर कीचड़ में धंसने लगे।

करीब पांच मिनट तक धीरे-धीरे गाड़ी चलाने के बाद, आगे एक पुरानी सी झोंपड़ीनुमा इमारत दिखाई दी। दीवारें काली पड़ चुकी थीं, छत पर टीन की चादरें जगह-जगह से जंग खाई हुई थीं। बाहर एक बेंच रखी थी, जिस पर बारिश का पानी जमा हो रहा था।

वो बूढ़ा आदमी

सच्ची हॉरर स्टोरी में रोहन बारिश में सुनसान ढाबे पर बूढ़े आदमी से मिलता हुआ

रोहन ने गाड़ी ढाबे के बाहर रोकी। बारिश अब भी तेज थी। उसने गाड़ी से उतरकर छाता खोला और ढाबे की तरफ बढ़ा। अंदर कोई हलचल नहीं थी, न कोई रोशनी जल रही थी, न कोई आवाज आ रही थी।

रोहन ने ढाबे के अंदर झांकने की कोशिश की। कुछ पुरानी कुर्सियां और टेबल रखी थीं, धूल से भरी हुई। एक कोने में चूल्हा था, बुझा हुआ।

“कोई है यहां?” रोहन ने आवाज लगाई।

कोई जवाब नहीं आया। सिर्फ बारिश की आवाज और दूर कहीं बिजली कड़कने की गूंज सुनाई दे रही थी।

रोहन ने फिर से आवाज लगाई, इस बार थोड़ी जोर से। “भाई साहब, कोई है क्या? खाना मिलेगा?”

कुछ पल के सन्नाटे के बाद, ढाबे के पीछे से हल्की सी आहट सुनाई दी। कदमों की आवाज धीरे-धीरे पास आने लगी। और फिर, एक बूढ़ा आदमी बाहर निकला।

उसकी उम्र सत्तर साल के आसपास लग रही थी। मैले-कुचैले कपड़े, सफेद बाल, और आंखें तो किसी गहरे कुएं जैसी लग रही थीं। उसके चेहरे पर एक अजीब सी थकान थी, जैसे बरसों से आराम न किया हो।

“आइए बाबूजी, बैठिए। इस मौसम में यहां कोई आता नहीं है।“ बूढ़े ने धीमी, कर्कश आवाज में कहा।

रोहन अंदर जाकर एक कुर्सी पर बैठ गया। “कुछ भी बना दीजिए, जो जल्दी से बन जाए। बस मुझे शहर पहुंचना है।“

जब खाना परोसा गया

बूढ़ा आदमी बिना कुछ पूछे अंदर चला गया। कुछ ही देर में उसने एक थाली लाकर रोहन के सामने रख दी। दाल, रोटी, और सब्जी। भाप निकल रही थी, जैसे अभी-अभी बनाई गई हो।

रोहन ने खाना खाना शुरू किया। स्वाद अच्छा था, बिल्कुल घर के खाने जैसा। लेकिन जैसे-जैसे वो खाता गया, उसे महसूस हुआ कि बूढ़ा आदमी उसे लगातार घूर रहा है, एक कोने में खड़ा, बिना पलक झपकाए।

रोहन ने असहज होकर पूछा, “बाबा, आप अकेले ही चलाते हैं ये ढाबा? और वो भी इतनी सुनसान जगह में?”

बूढ़े ने कुछ देर तक कोई जवाब नहीं दिया। फिर धीरे से बोला, “बहुत साल हो गए बेटा, यहीं हूं। रोज इंतजार करता हूं।“

“किसका इंतजार?” रोहन ने पूछा।“

हर साल, इसी दिन, इसी बारिश में, कोई न कोई आ ही जाता है।“ बूढ़े की आवाज में एक अजीब सी उदासी थी।

रोहन को अब सच में कुछ अजीब लगने लगा। उसने जल्दी-जल्दी बचा-खुचा खाना खत्म किया और पैसे निकालने के लिए जेब में हाथ डाला।

“पैसों की जरूरत नहीं बेटा। यहां कोई पैसे नहीं लेता।“ बूढ़े ने कहा, उसकी आंखें अब सीधा रोहन की आंखों में गड़ी हुई थीं।

रोहन खड़ा हो गया, अजीब सी बेचैनी उसके अंदर फैलने लगी थी। “ठीक है बाबा, मैं चलता हूं। बहुत देर हो रही है।“

वो तेजी से दरवाजे की तरफ बढ़ा। लेकिन जैसे ही उसने दरवाजे के बाहर कदम रखा, उसकी नजर बगल की दीवार पर पड़ी। वहां एक पुरानी, धुंधली सी तस्वीर टंगी थी, फ्रेम में जकड़ी हुई।

तस्वीर में वही बूढ़ा आदमी था, लेकिन उसके साथ कुछ और लोग भी थे, जो जमीन पर पड़े हुए दिख रहे थे, बेजान से। और तस्वीर के नीचे एक तारीख लिखी थी – “10 अगस्त 1998”।

रोहन के पैर वहीं जम गए। उसने पलटकर बूढ़े की तरफ देखा।

जब सच सामने आया, तब तक बहुत देर हो चुकी थी

बूढ़ा आदमी अब उसके ठीक पीछे खड़ा था, इतना पास कि रोहन को उसकी सांसों की ठंडक महसूस हुई, जबकि बाहर बारिश की उमस भरी गर्मी थी।

“तुम भी उन्हीं की तरह हो,” बूढ़े ने फुसफुसाते हुए कहा, “अकेले, बिना किसी अपने के, बारिश में भटकते हुए। हर 10 अगस्त को कोई न कोई मिल ही जाता है मुझे। कभी कोई ट्रक ड्राइवर, कभी कोई मुसाफिर, कभी तुम्हारे जैसा कोई अकेला गाड़ी वाला।“

रोहन ने पीछे मुड़कर देखने की हिम्मत जुटाई। बूढ़े का चेहरा अब बदल चुका था। आंखें गहरे गड्ढों में धंसी हुई, चमड़ी सूखी और उधड़ी हुई, जैसे बरसों पुरानी लाश हो।

1998 में, इसी ढाबे में, मैंने अपनी पूरी जिंदगी की कमाई लुटेरों के हाथों गंवा दी थी। उन्होंने मुझे यहीं मार डाला, ऐसी ही बारिश की रात में, 10 अगस्त को। तब से मैं यहीं हूं। और अब हर साल, इसी तारीख को, मैं किसी अकेले मुसाफिर का इंतजार करता हूं, जो मेरी तरह ही अकेला हो, जिसके जाने पर किसी को फर्क न पड़े।

रोहन का शरीर कांपने लगा, वो भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन उसके पैर जैसे जमीन से चिपक गए हो। दरवाजे की तरफ भागने की उसकी हर कोशिश नाकाम होती गई, जैसे कोई उसे पीछे से पकड़े हुए हो।

बाहर बारिज और तेज हो गई, बिजली बार-बार कड़कने लगी। ढाबे की टीन की पुरानी छत जोर-जोर से हिलने लगी। और आखिरकार रोहन की चीख भी बारिश के शोर में कहीं दब गई।

अगली सुबह जब बारिश थमी, उस सुनसान गली की तरफ कोई नहीं गया। कुछ दिनों बाद रोहन की कंपनी वालों ने उसे ढूंढने की कोशिश की, उसके गांव वालों से पूछताछ हुई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

उसकी गाड़ी आखिरकार हफ्तों बाद उसी मुख्य सड़क के किनारे खड़ी हुई मिली। लेकिन रोहन का कहीं कोई पता नहीं चला।

आज भी हर 10 अगस्त को वो गली किसी का इंतजार करती है

कहते हैं कि उस ढाबे का कोई नामोनिशान अब नहीं बचा, लेकिन कुछ मुसाफिरों ने आज भी उस बोर्ड को उसी जगह लटका हुआ देखा है, बारिश की रात में, जब गली अपने आप ही सामने आ जाती है, जैसे बुला रही हो।

रोहन की तरह न जाने कितने अकेले मुसाफिर उस रास्ते से गुजरे होंगे, और न जाने कितने कभी अपनी मंजिल तक नहीं पहुंचे। सिलसिला आज भी वैसे ही चल रहा है, हर साल, उसी तारीख को, उसी मूसलाधार बारिश में।

अगर आप भी कभी किसी सुनसान रास्ते पर बारिश में सफर कर रहे हों, तो हमेशा सतर्क रहें, क्या पता अगला नंबर आपका हो।

अगर आपके साथ भी कभी किसी सुनसान रास्ते पर ऐसा कोई अनुभव हुआ हो, तो कमेंट में जरूर बताइए। और इस कहानी को उन सभी के साथ शेयर करें जो अक्सर अकेले लंबी दूरी का सफर करते हैं, खासकर बारिश के मौसम में।

—समाप्त—


अक्सर पूछे जाने वाले सवाल-जवाब (FAQs)

1. बारिश के मौसम में सुनसान रास्तों पर सफर करते समय क्या सावधानी रखनी चाहिए?

बारिश में visibility कम हो जाती है और सड़क पर पानी या कीचड़ के कारण हादसे का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में धीमी गति से चलें, अनजान रास्तों पर जाने से बचें और संभव हो तो सुरक्षित व आबादी वाले स्थान पर ही रुकें।

2. राजस्थान में मानसून के दौरान सड़क पर सफर करते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए?

तेज बारिश में अचानक पानी भरने, फिसलन और कम visibility जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए सफर से पहले मौसम की स्थिति की जानकारी लेना और वाहन में पर्याप्त पेट्रोल रखना बेहतर होता है।

3. बारिश और अंधेरे में सुनसान जगहें ज्यादा डरावनी क्यों लगती हैं?

तेज बारिश और अंधेरा आसपास की आवाजों और चीजों को पहचानना मुश्किल बना देते है। कम visibility और लगातार बारिश का शोर दिमाग को छोटी-छोटी चीजों को भी ज्यादा डरावना महसूस करने के लिए प्रभावित कर सकता है।

4. रात में किसी अनजान ढाबे या सुनसान जगह पर रुकना सुरक्षित है?

अगर जगह बिल्कुल सुनसान या संदिग्ध लगे, तो वहां रुकने के बजाय किसी रोशन और आबादी वाले स्थान पर जाना बेहतर है।


ऐसी ही कुछ और डरावनी सच्ची हॉरर स्टोरी पढ़ें 👇

रात की ड्यूटी वाला चौकीदार: Hindi Horror Story

PG नंबर 312 जिस कमरे से तीन लड़के भाग गए: PG Room Horror Story In Hindi

• रम्मो चुडैल की कहानी भाग 2 | Chudail Ki Kahani

Chudail Ki Kahani: जब नई बहू के शरीर में आ गई बरसों पुरानी आत्मा

रिक्शा वाले बाबा की भूतिया कहानी | Hindi Horror Story

Top 5 Chudail Ki Kahani: रूह कंपा देने वाली 5 सबसे डरावनी चुडैल की कहानियाँ

Top 10 Horror Stories in Hindi (सबसे डरावनी भूत कहानियाँ)

हनीमून की तस्वीरों में दिखी एक अनजान लड़की की असली कहानी – Haunted Hotel Story


मेरे प्रिय पाठकों, अगर आपको मेरी लिखी हुई ये ढाबे की सच्ची हॉरर स्टोरी पसंद आई, तो इसे Like करना ना भूले।

इस कहानी को ज्यादा से ज्यादा अपने दोस्तों और रिश्तेदारों को भेजे, ताकि वो भी कभी ऐसी मुसीबत में ना फंसे।

और पढ़ते रहे हमारी kahanighar.in पर ऐसी ही सच्ची हॉरर स्टोरी, चुडैल की कहानी, और भूतिया कहानियाँ।

💖 कहानी पसंद आई? तो Like करके अपने दोस्तों तक जरूर पहुँचाएँ 👇

Leave a Comment